जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में राह चलते लोगों को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर थाना और नैला चौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, कन्हाईबंद निवासी चंद्रहास यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई की शाम वह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नैला-कन्हाईबंद मार्ग पर बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर उनका मोबाइल फोन और गले में पहना सोने का लॉकेट छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकाया और मौके से फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल युवक लूटे गए सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए हेमंत सारथी (21) और कोमल कश्यप (19) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे बाइक से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने एक युवक को अकेले साइकिल चलाते हुए मोबाइल पर बात करते देखा और उसे निशाना बनाने की योजना बना ली। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लूटे गए मोबाइल फोन और सोने के लॉकेट को बेचकर रकम आपस में बांटने की तैयारी कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से पूरा माल बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026