बिलासपुर (ईएमएस)। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्रा में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बार में बाउंसर और जिम संचालक के रूप में कार्य करने वाले युवक पर पहले मिर्च पाउडर से हमला किया गया, फिर पत्थर से सिर और शरीर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कोनी निवासी निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत थे। इसके साथ ही वे जिम संचालन का भी काम करते थे। गुरुवार रात वह किसी काम से कोटा स्थित अपने किराए के मकान पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम पथर्रा निवासी एक युवक से उनका विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक विवाद बढऩे पर आरोपी ने निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। अचानक हुए हमले से निखिल संभल भी नहीं पाए थे कि आरोपी ने भारी पत्थर उठाकर उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल निखिल को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक अस्पताल में उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी नुपूर उपाध्याय और कोटा थाना प्रभारी आकाश चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार निखिल का कोटा क्षेत्र की एक महिला से परिचय था। इसी बात को लेकर महिला के पति को उन पर संदेह था। पुलिस को आशंका है कि इसी शक के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। प्रेम प्रसंग या पुरानी रंजिश? पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका से जुड़ा सामने आया है। हालांकि पुरानी रंजिश के एंगल को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। मनोज राज 05 जून 2026