जशपुर(ईएमएस)। जिले के लोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर से आए कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने बकरी चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जबकि उसके दो साथी वाहन सहित मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25), निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक बकरी, टंगिया, मोबाइल फोन, टॉर्च, टेप और अन्य सामान बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, लोदाम बैगाटोली निवासी किषुन राम के घर देर रात संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर ग्रामीण सतर्क हो गए। परिवार ने अपने बकरियों को गोहार में बांधकर सोने के बाद रात करीब दो बजे पड़ोसी द्वारा बाहर संदिग्ध कार देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार सहित फरार हो गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी की नीयत से गांव आया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने खुद को बादी (नट) गिरोह का सदस्य बताया है और उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 जून 2026