नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की एक प्रोफेसर गुरुवार दोपहर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। पुलिस को परिवार ने बताया कि 43 साल की इस महिला प्रोफेसर ने अपनी मौत से कुछ घंटे पहले अपनी मां को दवाइयां भेजी थीं। उसी कॉलेज में काम करने वाले एक सहकर्मी के अनुसार, गुरुवार को उनका प्रमोशन के लिए इंटरव्यू भी निर्धारित था लेकिन वह नहीं पहुंचीं। मामले की जांच से जुड़े जांचकर्ताओं के अनुसार, महिला प्रोफेसर अपने फ्लैट में अकेली रहती थी। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं, दोनों कलाइयां कटी हुई थीं और चेहरे और शरीर पर चोट के निशान थे। एक सहकर्मी ने कहा कि हमें बताया गया था कि प्रधानाचार्य के निजी सहायक ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन बुधवार शाम करीब 4 बजे से कॉलेज से कोई भी उनसे संपर्क नहीं कर पाया था। गुरुवार दोपहर हमें उनके निधन की खबर मिली। उन्होंने बताया कि प्रोफेसर बहुत ही शांत स्वभाव की थीं और सहायक प्रोफेसर के पद पर नियुक्त होने से पहले कॉलेज में अतिथि व्याख्याता के रूप में काम कर चुकी थीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/ जून /2026