राज्य
05-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने नया पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार, दो दिन बारिश-आंधी के बाद मौसम बदलेगा। 10 जून तक पारा 41 डिग्री तक जाएगा। दिल्ली-एनसीआर में लोगों को दो दिन गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार 6 जून तक राजधानी में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना बना रह सकता है। हालांकि इसके बाद भीषण गर्मी पड़ेगी। 10 जून तक पारा 41 डिग्री तक जाएगा। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दोपहर और रात के समय कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिर सकते हैं, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है और ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादलों की आवाजाही रहेगी। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तेज हवाओं के कारण यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 7 जून से मौसम साफ होने लगेगा। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 8 जून को गर्मी और बढ़ सकती है। मौसम साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/ जून /2026