क्षेत्रीय
05-Jun-2026
...


- कोरबा-कटघोरा मार्ग पर हुआ हादसा - एक घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला गया सहायक कोरबा (ईएमएस) कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर ग्राम छुरी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक ट्रैलर ने आगे चल रहे दूसरे ट्रैलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रैलर का हेल्पर केबिन में बुरी तरह फंस गया। जानकारी के अनुसार दोनों ट्रैलर कोरबा से कटघोरा की ओर जा रहे थे। पीछे चल रहे ट्रैलर के चालक ने वाहन चलाते हुए आगे वाले ट्रैलर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दूसरा ट्रैलर वाहन चालक सहित मौके से फरार हो गया, जबकि घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले यातायात को नियंत्रित किया और केबिन में फंसे हेल्पर को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।आरक्षक भुवनेश्वर प्रजापति और 112 के चालक संगम श्रीवास्तव ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे तक मशक्कत की। सहायक को केबिन से निकालना आसान नहीं था, इसलिए पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दूसरी गाड़ी की मदद से टोचन कर ट्रैलर के क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचा। काफी मशक्कत के बाद हेल्फर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई। घायल सहायक को तत्काल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटवाया। करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। 05 जून / मित्तल