फ्रैंकफर्ट,(ईएमएस)। फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर गेट के पास खड़ा एक यात्री विमान का अगला पहिया टूटने से उसका सामने वाला हिस्सा सीधे जमीन पर जा गिरा। हादसे में कई कर्मचारी घायल हुए हैं। यह घटना तब हुई, जब जर्मन एयरलाइंस लुफ्थांसा के बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान की तैयारी में था। उस समय यात्री विमान में सवार नहीं हुए थे, लेकिन क्रू मेंबर और ग्राउंड स्टाफ अंदर मौजूद था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान का अगला हिस्सा तेजी से नीचे गिरता दिख रहा है। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी टीमें पहुंचीं। विमान गिरने से घायल हुए कर्मचारियों का इलाज चल रहा है। यह विमान फ्रैंकफर्ट से लॉस एंजिलिस जाने वाला था। जिस विमान के साथ हादसा हुआ, वह नया बोइंग विमान जनवरी 2026 से ही नियमित सेवा में शामिल हुआ था। फिलहाल हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। सिराज/ईएमएस 05जून26