- दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर की मांग भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने देश की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। दिग्विजय सिंह ने परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और गड़बडिय़ों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से पिछले 8 वर्षों के परीक्षा घोटालों पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी करने की मांग की है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कांग्रेस नेता ने हाल ही में नीट-यूजी 2026 परीक्षा के रद्द होने का विशेष रूप से जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के बार-बार रद्द होने और टलने की वजह से देश के लाखों छात्रों के बीच अनिश्चितता और मानसिक तनाव लगातार बढ़ रहा है। भविष्य को लेकर युवाओं में भारी निराशा का माहौल है, जिसे दूर करना बेहद जरूरी है। पुराने घोटालों का जिक्र और पारदर्शिता की मांग दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में पूर्व की परीक्षाओं का हवाला देते हुए नीट-यूजी 2024 और जीसी-नेट 2024 में सामने आई गड़बडिय़ों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की है कि इन मामलों में अब तक हुई जांच की वास्तविक स्थिति को सरकार सार्वजनिक करे। केंद्र सरकार पिछले 8 साल में हुए सभी पेपर लीक मामलों और परीक्षा घोटालों का पूरा विवरण देश के सामने रखे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई, चार्जशीट और जांच रिपोर्ट का पूरा विवरण जारी किया जाए। विभिन्न राज्यों और मामलों में पकड़े गए आरोपियों की वर्तमान कानूनी स्थिति क्या है, इसकी जानकारी भी पारदर्शी तरीके से सामने आए। दिग्विजय ने साफ कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। परीक्षा प्रणाली में जब तक पूरी तरह पारदर्शिता नहीं लाई जाएगी, तब तक छात्रों का इस सिस्टम पर भरोसा बहाल होना मुश्किल है। विनोद / 05 जून 26