राज्य
13-Jun-2026
...


कटिहार, (ईएमएस)। बिहार के कटिहार जिले में शनिवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 25 मजदूर घायल हो गए। इनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब तीन बजे हुई। बस में पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के 60 से 70 मजदूर सवार थे, जो नवादा के एक ईंट-भट्ठे पर काम खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जुराबगंज के पास एक अनियंत्रित कार अचानक बस के सामने आ गई। बस चालक कृष्ण दास ने कहा कि सामने से आ रही तेज रफ्तार कार नियंत्रण खोकर बस की ओर बढ़ने लगी। संभावित टक्कर को टालने के लिए उसने तुरंत बस का स्टेयरिंग मोड़ दिया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बस संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई मजदूर बस के अंदर फंस गए, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने कहा कि अस्पताल में लाए गए 25 घायलों में से 10 की हालत सामान्य थी, जबकि 15 गंभीर रूप से घायल पाए गए। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार को बचाने की कोशिश में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल सभी गंभीर घायलों का इलाज जारी है और उनके परिजन उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। संतोष झा- १३ जून/२०२६/ईएमएस