राज्य
05-Jun-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त, क़ानून व्यवस्था शिवहरी मीणा एवं मुख्यालय, कमिश्नरेट वाराणसी तथा सत्येन्द्र कुमार, जिलाधिकारी वाराणसी की संयुक्त अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा के सफल आयोजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में प्रदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक आर्थिक अपराध शाखा, वाराणसी (जनपदीय प्रेक्षक पुलिस), आलोक कुमार वर्मा, अपर आयुक्त, वाराणसी, नम्रता श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध/नोडल अधिकारी (पुलिस भर्ती परीक्षा), कमिश्नरेट वाराणसी, राजेश कुमार, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर), वाराणसी, गोविन्द सिंह, मुख्य कोषाधिकारी, वाराणसी, भोलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, वाराणसी सहित समस्त विभागीय अधिकारी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक तथा संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन 08 जून 2026, 09 जून 2026 एवं 10 जून, 2026 को किया जाना प्रस्तावित है। परीक्षा प्रत्येक दिवस दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली का समय प्रातः 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली का समय अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित है। कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में कुल 50 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सम्पन्न करायी जायेगी। प्रत्येक पाली में 22,032 अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। इस प्रकार तीन दिवसों में कुल छह पालियों के दौरान 1,32,192 परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग किया जाना प्रस्तावित है। बैठक के दौरान परीक्षा की व्यापकता, संवेदनशीलता एवं अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को दृष्टिगत रखते हुए समस्त विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने, परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गयी। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के निर्बाध प्रवेश एवं निकास, परीक्षा केन्द्रों के आसपास भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं की उपलब्धता, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की गयी। बैठक में यह भी चर्चा की गयी कि परीक्षा के दौरान जनपद में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों का आगमन होगा, जिसके दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं परीक्षा केन्द्रों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की जानी आवश्यक हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक सुगमता से पहुंचाने, अनावश्यक भीड़भाड़ को नियंत्रित करने तथा परीक्षा के दौरान जनसामान्य को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के मध्य समन्वित कार्ययोजना तैयार किये जाने पर बल दिया गया। गोष्ठी के दौरान परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध संसाधनों, निगरानी व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गयी। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी, दायित्वों तथा समन्वय तंत्र के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की भूमिका पर भी चर्चा की गयी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की तैयारियों एवं कार्ययोजनाओं से अवगत कराया गया। सभी विभागों द्वारा परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं परीक्षा की निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से आयोजित संयुक्त गोष्ठी में उपस्थित सम्बन्धित विभागों को निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये। ईएमएस/मोहने/ 05 जून 2026