05-Jun-2026
...


अशोकनगर (ईएमएस)।शुक्रवार को कलेक्टर साकेत मालवीय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। नियमित योग एवं व्यायाम न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर आरबी सिंडोस्कर, सीईओ जनपद पंचायत शैलेन्द्र यादव अधिकारी, कर्मचारी तथा नागरिकगण उपस्थित रहे। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 05 जून 2026