05-Jun-2026
...


- इलाज कराने आई थी पीडि़ता, सुबह बैग से गायब मिले जेवर - सीसीटीवी में संदिग्ध महिला कैद होने की आशंका बालाघाट (ईएमएस). जिला अस्पताल में एक महिला के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीडि़ता के अनुसार, रात में साथ रुकी एक अज्ञात महिला पर चोरी का संदेह है, जो सुबह से गायब है। जानकारी के अनुसार पीडि़ता कौशल बागडे गुरुवार को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। देर होने के कारण वह अस्पताल में ही रुक गई थी। रात के दौरान उसके पास एक अन्य महिला भी ठहरी हुई थी, जिसने खुद को किसी मरीज के परिजन के रूप में बताया था। शुक्रवार सुबह जब पीडि़ता दैनिक कार्यों से निवृत्त होकर लौटी और अपना बैग देखा, तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। वहीं रातभर साथ रहने वाली महिला भी मौके से लापता थी। इसके बाद पीडि़ता ने उसी महिला पर जेवर चोरी का संदेह जताया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्ध महिला की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। भानेश साकुरे / 05 जून 2026