मंडला (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित दो संदीपनी विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने निवास और बिछिया में चल रहे दोनों विद्यालयों की विस्तृत जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी मती मुन्नी वरकड़े ने बताया कि जिले में शिक्षा विभाग के केवल दो संदीपनी विद्यालय संचालित हैं। दोनों के लिए पीडब्ल्यूडी पीआईयू द्वारा नया भवन बनाया जा रहा है। अभी कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई पुरानी बिल्डिंग में हो रही है। निवास स्कूल में हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम से पढ़ाई होती है, जबकि बिछिया में हिंदी माध्यम की कक्षाएं हैं। कलेक्टर ने ईई पीआईयू से कहा कि 15 जुलाई तक नया भवन फर्नीचर सहित विभाग को सौंप दें। उन्होंने निर्देश दिए कि इसी सत्र से कक्षा ‘अरुण’ और ‘उदय’ से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं शुरू की जाएं। सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना ने नए भवन में स्कूल शुरू करने से पहले अभिभावक सम्मेलन करने का सुझाव दिया, जिसे कलेक्टर ने स्वीकार करते हुए कहा कि अभिभावकों का सम्मेलन अनिवार्य रूप से आयोजित करें ऐसे आयोजनों से अभिभावकों के साथ-साथ बच्चों में भी विद्यालय के प्रति अपनत्व का भाव विकसित होता है। प्रवेश और परीक्षा पर फोकस कलेक्टर धोटे ने कहा कि स्कूलों में निर्धारित संख्या में छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाए। जरूरत पड़े तो संकुल स्तर पर बच्चों और अभिभावकों के शिविर लगाकर स्कूल की व्यवस्था समझाई जाए। कक्षा में सभी को प्रवेश का अवसर मिले। उन्होंने 10वीं और 12वीं के पिछले सत्र के परिणाम की समीक्षा करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत होना चाहिए। कोई भी विद्यार्थी अनुत्तीर्ण न हो, इसके लिए शिक्षकों का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण तुरंत शुरू कराएं। स्वास्थ्य और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कलेक्टर धोटे ने बच्चियों के हेल्थ चेकअप और फॉलोअप को अनिवार्य बताते हुए हर विद्यार्थी का हेल्थ कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। एनीमिक बच्चियों का विशेष फॉलोअप कर स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही संदीपनी के साथ अन्य स्कूलों के छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने को कहा। बड़े कोचिंग संस्थानों से बात कर ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत मीना, सहायक कलेक्टर शैलेंद्र चौधरी, अशासकीय प्रतिनिधि अरविंद शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मती वरकड़े, ईई पीआईयू पारस सिंह, डीएसओ संत भलावी, सहायक संचालक एलएस मसराम, एपीसी मुकेश पांडे एवं केके उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 06 जून 2026