- विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान का शुभारंभ, बोले- नदियों और जल स्रोतों की स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी शुजालपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शुजालपुर की माँ जमधड़ नदी के तट पर स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का अनूठा संदेश देखने को मिला। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार स्वयं नदी में उतरकर फावड़ा और तगारी लेकर श्रमदान करते नजर आए। उनके साथ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। काठिया महाराज मंदिर के सामने आयोजित इस विशेष अभियान का शुभारंभ सुबह 9 बजे हुआ। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिह परमार ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर नदियों, जल स्रोतों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान की प्रतीकात्मक शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल फोटो सेशन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे शहर और जल स्रोतों को बचाने के सामूहिक संकल्प के रूप में अपनाना होगा। मंत्री परमार ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, निर्मल नदियाँ और हरित भारत केवल संकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का आह्वान किया। अभियान के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों ने मशीनों और अन्य संसाधनों की सहायता से नदी घाट क्षेत्र की व्यापक सफाई की। श्रमदान करते हुए मंत्री परमार ने काठिया महाराज मंदिर के सामने स्थित कुंडी पर सुरक्षा जाली लगाने तथा नदी क्षेत्र में कचरा फेंकने वाले परिवारों को जागरूक कर स्वच्छता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी अभियान एक पेड़ माँ के नाम के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार हलधर, तहसीलदार किरण धाकड़ सहित अन्य अधिकारियों ने मंत्री परमार के साथ पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि बेनीप्रसाद परमार, सीएमओ ओमप्रकाश शर्मा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी, पार्षद बल्ला सोनी, सईद पटेल अंजू खत्री, गफ्फार खान, संजय शर्मा, गिरधारी परमार, पार्षद प्रतिनिधि राहुल सोलंकी,डॉ विजयसिह खीची,मूलचंद वर्मा, इम्तियाज खां सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। आज छात्र करेंगे श्रमदान स्वच्छता अभियान के अगले चरण में शनिवार सुबह 8 बजे शासकीय जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के समर कैंप के 400 से अधिक विद्यार्थी जमधड़ नदी क्षेत्र में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को गति देंगे। ईएमएस/मोहने/ 05 जून 2026