शुजालपुर। (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मिर्ची बाजार स्थित नेकी की दीवार पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों द्वारा पूर्व में तैयार की गई सीड बॉल (बीज गेंदों) का संग्रह किया गया। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वीणा गोयल एवं अंबर अग्रवाल द्वारा नि:शुल्क सीड बॉल वर्कशॉप आयोजित की गई थी, जिसमें बच्चों को सीड बॉल बनाने के लिए प्रेरित किया गया था। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेते हुए बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार कीं। सीड बॉल निर्माण में दिव्यांश मालवीय ने सर्वाधिक 400 सीड बॉल बनाकर विशेष उपलब्धि हासिल की। वहीं जिया सिलावट, रिया नाथ, वंशिका एवं इशू रायकवार सहित अन्य बच्चों ने भी सराहनीय प्रयास किए। कार्यक्रम में बताया गया कि इन सीड बॉल को थ्रो टू ग्रो अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर फेंका जाएगा, जिससे बीज अंकुरित होकर पर्यावरण को हरित एवं समृद्ध बनाने में योगदान देंगे। पर्यावरण संरक्षण के इस सराहनीय कार्य के लिए बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए बंसल वस्त्रालय, विदिशा की ओर से डायरी, पेन एवं चॉकलेट वितरित किए गए। वितरण कार्य में राजकुमारी अग्रवाल, पूजा केडिया (नागपुर), निधि मंगल, नव्या मंगल (गुना), कनव अग्रवाल एवं कियाना अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर ग्रीष्मा शाह, तेजकिरण जैन, परमजीत कौर खालसा एवं पूनम बंसल ने आम, जामुन आदि के बीज एकत्रित कर अधिक से अधिक सीड बॉल बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए धरती को हरा-भरा बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। ईएमएस/मोहने/ 05 जून 2025