वाशिंगटन (ईएमएस)। आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हमारे रोजमर्रा के जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। ईमेल लिखने से लेकर रिपोर्ट तैयार करने, कंटेंट बनाने और कोडिंग तक, कई कार्यों को एआई कर रहा है। इससे काम तेज और आसान जरूर हुआ है, लेकिन इसके अत्यधिक इस्तेमाल पर विशेषज्ञ चिंता जाहिर कर रहे हैं। उनका मानना है कि एआई पर जरूरत से ज्यादा भरोसा इंसानों की मौलिकता और व्यक्तिगत अभिव्यक्ति को प्रभावित कर सकता है। प्रसिद्ध निवेशक और कारोबारी पॉल ग्राहम ने हाल ही में अपने अनुभव साझा कर बताया कि उन्हें लगातार इसतरह के ईमेल मिल रहे हैं जो पूरी तरह एआई की मदद से लिखे गए लगते हैं। भले ही शब्द प्रभावशाली लगते हैं, पर उनमें व्यक्तिगत सोच और मानवीय भावनाओं का अभाव स्पष्ट होता है। ग्राहम के अनुसार, जब उन्हें एआई निर्मित ईमेल का पता चलता है, तब उसमें उनकी रुचि कम हो जाती है क्योंकि इसतरह के संदेशों में लेखक की अपनी आवाज सुनाई नहीं देती और वे एक जैसे लगते हैं। ग्राहम के मुताबिक, संचार केवल जानकारी का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि व्यक्ति की सोच, व्यक्तित्व और दृष्टिकोण का प्रतिबिंब है। जब कोई संदेश पूरी तरह मशीन द्वारा तैयार किया जाता है, तब यह व्यक्तिगत जुड़ाव को कमजोर कर सकता है। एआई से तैयार सामग्री अक्सर वास्तविकता से ज्यादा प्रभावशाली दिखने की कोशिश करती है, जिससे यह संकेत मिल सकता है कि लेखक अपनी लेखन क्षमता पर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। ऐसी स्थिति में विश्वास और पारदर्शिता पर सीधा असर पड़ता है, क्योंकि सामने वाले को लग सकता है कि संदेश केवल प्रभावित करने के लिए बनाया गया है, न कि वास्तविक संवाद स्थापित करने के लिए। यह प्रवृत्ति सिर्फ ईमेल तक सीमित नहीं है। कोड लिखने, मार्केटिंग कंटेंट तैयार करने या पेशेवर दस्तावेज बनाने में एआई का उपयोग बढ़ा है। कई कंपनियां मानवीय और एआई-जनित सामग्री के बीच संतुलन को लेकर विचार कर रही हैं, क्योंकि किसी भी ब्रांड या व्यक्ति की पहचान उसकी विशिष्ट शैली और सोच से बनती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लोग हर छोटे-बड़े काम के लिए एआई पर निर्भर हुए, तब उनकी रचनात्मक और विश्लेषणात्मक क्षमता प्रभावित हो सकती है। सबसे बड़ा जोखिम यह है कि कहीं इंसान धीरे-धीरे स्वयं सोचने, लिखने और नए विचार विकसित करने की अपनी आदत न खो दें। यदि ऐसा हुआ, तब भविष्य में मानवीय अभिव्यक्ति और मशीन-निर्मित कंटेंट के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता है। इसलिए एआई का उपयोग एक सहायक उपकरण के रूप में होना महत्वपूर्ण है, जहां अंतिम विचार, भावनाएं और रचनात्मकता मानवीय ही रहे। यही संतुलन भविष्य में प्रभावी और भरोसेमंद संवाद की कुंजी साबित हो सकता है। आशीष/ईएमएस 06 जून 2026