मनोरंजन
06-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपने सहज अभिनय और किरदारों में जान डाल देने की क्षमता के कारण बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। बॉलीवुड फिल्म ‘मिर्जापुर’ का कालीन भैया हो, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ का किरदार, ‘स्त्री’ हो या ‘कागज’, पंकज त्रिपाठी ने हर भूमिका को अपने अनोखे अंदाज से यादगार बना दिया है। अभिनय और कहानी कहने की प्रेरणा उन्हें किसी अभिनय संस्थान से नहीं, बल्कि अपने गांव के बुजुर्गों से मिली थी। एक पुराने इंटरव्यू में पंकज त्रिपाठी ने बताया था कि वह अपने अभिनय की प्रेरणा वास्तविक जीवन के लोगों और घटनाओं से लेते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन में गांव के बुजुर्गों से किस्से और कहानियां सुनना उन्हें बेहद पसंद था। इन्हीं कहानियों ने उनके भीतर अभिनय और कहानी कहने की कला के प्रति रुचि पैदा की। उनके अनुसार, यह केवल कहानी सुनाना नहीं था, बल्कि एक जीवंत मौखिक परंपरा थी, जिसमें बोलने का अंदाज, भावनाएं और प्रस्तुति सबसे महत्वपूर्ण होती थी। पंकज त्रिपाठी ने अपने गांव के एक बुजुर्ग रघुनाथ बाबा का जिक्र करते हुए बताया कि उनसे उन्होंने कहानी को विस्तार से प्रस्तुत करने की कला सीखी। उन्होंने कहा कि रघुनाथ बाबा का एक साधारण-सा किस्सा था कि एक बार वह बिना टिकट ट्रेन में यात्रा करते हुए पकड़े गए और उन्हें जेल जाना पड़ा। यह घटना सुनने में भले ही एक लाइन की लगे, लेकिन जिस अंदाज में वह इसे सुनाते थे, वही उनकी असाधारण कला थी। अभिनेता ने बताया कि रघुनाथ बाबा इस घटना को बेहद नाटकीय और रोचक तरीके से सुनाया करते थे। वह कहते थे कि एक बार वह अयोध्या जा रहे थे, तभी काले कोट वाला एक व्यक्ति उनके पास आया और टिकट दिखाने को कहा। जवाब में उन्होंने कहा कि वह भगवान श्रीराम से मिलने जा रहे हैं और उनसे प्रमाण मांगा जा रहा है। इसके बाद कहानी में पुलिस के आने और जेल पहुंचने तक की घटनाओं को वह इतने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते थे कि सुनने वाले मंत्रमुग्ध हो जाते थे। पंकज त्रिपाठी के अनुसार, यहीं से उन्होंने समझा कि कहानी केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उसे कहने के अंदाज से जीवंत बनती है। उन्होंने माना कि बचपन में सुनी गई ऐसी कहानियों ने उनके अभिनय को गहराई दी और किरदारों को बेहतर ढंग से समझने की क्षमता विकसित की। यही कारण है कि उनके निभाए पात्र दर्शकों को वास्तविक और अपने आसपास के लोगों जैसे लगते हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो पंकज त्रिपाठी जल्द ही ‘मिर्जापुर द मूवी’ में नजर आएंगे। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के कई सफल सीजन के बाद अब इसकी कहानी बड़े पर्दे पर आने जा रही है। सुदामा/ईएमएस 06 जून 2026