अंतर्राष्ट्रीय
06-Jun-2026
...


वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि तेहरान के साथ जारी टकराव अब खत्म होने के करीब है। उन्होंने दृढ़ता के साथ ऐलान किया कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को ‘किसी न किसी तरह’हर हाल में रोका जाएगा। विस्कॉन्सिन के चिप्पेवा फॉल्स में कृषि से जुड़ी एक अहम बैठक को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को परमाणु हथियार संपन्न देश बनने से रोकने का अपना मुख्य उद्देश्य काफी हद तक हासिल कर लिया है। उन्होंने वैश्विक सुरक्षा के लिहाज से इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका किसी भी सूरत में परमाणु हथियार का खतरा बर्दाश्त नहीं करने वाला था और अब यह काम लगभग पूरा हो चुका है। ट्रंप के मुताबिक, यह गतिरोध या तो किसी कूटनीतिक समझौते के जरिए खत्म होगा या फिर इसके लिए कोई सख्त रास्ता अख्तियार किया जाएगा। हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस संबंध में चल रही किसी संभावित बातचीत या सैन्य कार्रवाई की रूपरेखा को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की, लेकिन उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि ईरान से जुड़े घटनाक्रम जल्द ही दुनिया के सामने पूरी तरह साफ हो जाएंगे। उन्होंने इस भू-राजनीतिक स्थिति को सीधे तौर पर वैश्विक ऊर्जा बाजार और अमेरिकी किसानों की आर्थिक स्थिति से जोड़ा। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि ईरान संकट के समाधान से आर्थिक दबाव को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी, जिससे तेल, गैस और ऊर्जा की कीमतें काफी घट जाएंगी। इसका सीधा फायदा किसानों को मिलेगा और उनके लिए खाद की कीमतें बेहद कम हो जाएंगी। अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि हालिया कार्रवाई में ईरान की नौसेना की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है, जिसके बाद अब उसके पास कोई प्रभावी नौसेना नहीं बची है। ट्रंप के अनुसार, मात्र चार दिनों के भीतर ईरान के 159 जहाजों को निशाना बनाया गया, जो अमेरिकी सैन्य ताकत और अभूतपूर्व नाकाबंदी का एक बड़ा सबूत है। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन अभी भी ईरान से जुड़े कुछ ‘अधूरे कामों’को तेजी से निपटा रहा है और बहुत जल्द अमेरिका इस पूरे मामले से एक बेहद मजबूत स्थिति में बाहर निकलेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/06जून2026