06-Jun-2026
...


- खाने के पैसे मांगना ढाबा संचालक को पडा महंगा जबलपुर (ईएमएस)। पनागर थानांतर्गत गांधीग्राम स्थित सतना ढाबा पर शुक्रवार देर रात क्षेत्र का कुख्यात बदमाश राज यादव और जीत रैकवार अपने अन्य साथियों के साथ खाना खाने पहुंचा था। बताया जाता है कि खाना खाने के बाद जब ढाबा संचालक ने जब उनसे खाने के पैसे मांगे, तो आरोपी बुरी तरह भड़क गए और आरोपियों ने पैसे देने के बजाय लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से ढाबा संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों पर हमला कर दिया। लगभग 10 मिनट तक ढाबे के भीतर आरोपियों ने तांडव मचाया, जिससे वहां खाना खा रहे अन्य ग्राहकों में भगदड़ मच गई और वे अपनी जान बचाकर भागे। बदमाशों की यह पूरी करतूत ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी राज यादव और जीत रैकवार इलाके के आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पनागर थाना पुलिस ने ढाबे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों मुख्य नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। ..../ ईएमएस / 06 जून 2026