- राजेंद्र वर्मा समर्थकों सहित हुए शामिल जबलपुर (ईएमएस)। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) में कर्मचारियों के हितों की रक्षा और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्षरत मजदूर संघ हथौड़ा ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लॉय फेडरेशन को शुक्रवार को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (मिले हाथ) के वरिष्ठ नेता एवं वर्तमान जेसीएम काउंसिल सदस्य राजेंद्र वर्मा ने अपने अनेक समर्थकों के साथ संगठन की सदस्यता ग्रहण कर ली। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन के प्रदेश मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास (एआईडीईएफ) से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेंद्र वर्मा लंबे समय से भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ से जुड़े रहे हैं तथा पूर्व में कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। कर्मचारियों के हितों की अनदेखी और श्रमिक समस्याओं के निराकरण में संगठन की कथित विफलता से असंतुष्ट होकर उन्होंने मजदूर संघ हथौड़ा की नीतियों और कर्मचारी हितों के लिए किए जा रहे संघर्ष पर विश्वास जताते हुए संगठन में शामिल होने का निर्णय लिया। इस अवसर पर मजदूर संघ हथौड़ा के अध्यक्ष विनय गुप्ता एवं महामंत्री रोहित यादव ने राजेंद्र वर्मा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्मा के अनुभव और सक्रिय सहभागिता से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को और मजबूती प्राप्त होगी। अपने संबोधन में राजेंद्र वर्मा ने कहा कि मजदूर संघ हथौड़ा कर्मचारियों के वास्तविक मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने वाला संगठन है और कर्मचारियों के अधिकारों तथा हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। इसी विश्वास के चलते उन्होंने संगठन की सदस्यता ग्रहण की है। मजदूर संघ हथौड़ा के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का द्वार कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करने वाले प्रत्येक कर्मचारी के लिए सदैव खुला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में और अधिक कर्मचारी संगठन की कार्यशैली एवं नीतियों से प्रभावित होकर इससे जुड़ेंगे। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों के अलावा हेमंत मकोड़े, अमित गौरव, वैभव सागर कनोजिया, रविकांत, विजय चौहान, सुशील, मिथुन, सुदीप्त, रुपेश, ऋषि, युवराज एवं अमित उपाध्याय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। - 06 जून 2026/ 03.15