सिवान, (ईएमएस)। बिहार के सिवान जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। सिसवन थाना क्षेत्र के सईपुर गांव में बेटे की शादी की तैयारियों में जुटे एक व्यक्ति की देर रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान हरियाणा निवासी सोहन राम के रूप में हुई है, जो अपने बेटे की शादी की तैयारियों के सिलसिले में सईपुर स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। जानकारी के अनुसार, उनके बेटे की शादी 19 जून को होने वाली थी और परिवार में उत्सव का माहौल था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात सोहन राम घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर गला रेत दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि देर रात अचानक बचाव-बचाव की आवाज सुनाई दी। जब परिवार के लोग बाहर पहुंचे तो तीन की संख्या में मौजूद अपराधी मौके से भागने लगे। घायल अवस्था में सोहन राम को तत्काल इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक सप्ताह बाद बेटे की बारात निकलनी थी, लेकिन उससे पहले पिता की अर्थी उठने से परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। इस मामले में एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या की गई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर कई घंटों तक प्रदर्शन किया और यातायात बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। - ०६ जून/२०२६/ईएमएस