बेगूसराय, (ईएमएस)। बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र स्थित सिमरिया गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में ननद और भाभी के डूब जाने से परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान दरभंगा निवासी मुस्कान कुमारी और उनकी भाभी मुन्नी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, परिवार की दादी के निधन के बाद शुक्रवार दोपहर श्रद्धाकर्म संपन्न होने पर सभी सदस्य गंगा स्नान के लिए सिमरिया गंगा घाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य सदस्य स्नान कर बाहर निकल आए थे, जबकि मुस्कान कुमारी और मुन्नी देवी गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी और दोनों गंगा की तेज धारा में समा गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मुस्कान कुमारी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि मुन्नी देवी के शव की तलाश देर शाम तक जारी रही। पुलिस ने बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा स्थानीय प्रशासन ने लोगों से गंगा में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। - ०६ जून/२०२६/ईएमएस