अचानक ब्रेक लगाने से बच्ची गिरी और ट्रेन उसके गर्दन के ऊपर से निकल गई जोधपुर,(ईएमएस)। जोधपुर के मंडोर में पांच दिन पहले हुए टॉय ट्रेन हादसे में पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। साथ ही टॉय ट्रेन को जब्त कर लिया है। 31 मई को हुए इस हादसे में एक बच्ची अनायरा की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक ट्रेन संचालन का ठेका मैसर्स देव कृपा कन्स्ट्रक्शन कंपनी के पास है। इस मामले में शांतिलाल वैष्णव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बता दें बच्ची अमायरा के पिता मोहम्मद हबीब निवासी बरकत साहब की हवेली बंबा स्कूल (जोधपुर) ने मंडोर थाने में शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि 31 मई को परिवार के साथ मंडोर गार्डन घूमने गए थे। उनकी पत्नी अफसाना, बेटी अनायरा, भाभी शहनाज और भतीजी मुस्कान भी थी। शाम 6 बजे सभी लोग टॉय ट्रेन में बैठे थे। बेटी अनायरा अपनी मां और बड़ी मम्मी के साथ बैठी थी। मंडोर स्थित काला-गोरा भैरूजी मंदिर से पहले टॉय ट्रेन के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगते ही अनायरा उछलकर ट्रेन से नीचे गिर गई। हबीब ने बताया- अनायरा के नीचे गिरते ही सब चिल्लाए और ड्राइवर से ट्रेन रोकने को कहा, लेकिन उसने ट्रेन नहीं रोकी। इस दौरान ट्रेन का पहिया अनायरा की गर्दन के ऊपर से निकल गया। अनायरा को बचाने की कोशिश में मुस्कान भी घायल हो गई। मंडोर थाना अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद टीम गठित की गई थी। इस दौरान टीम की ओर से निरीक्षण भी किया गया था। इसे लेकर सीसीटीवी भी खंगाले गए थे। जोधपुर डेवलपमेंट ऑथिरिटी की ओर से इसे लेकर जानकारी मांगी गई थी। पता चला कि ठेका मैसर्स देव कृपा कन्स्ट्रक्शन कंपनी के पास है। इसके बाद जब कंपनी संचालक से पूछताछ की तो पता चला कि हादसे के समय ट्रेन शांतिलाल चला रहा था। जांच के बाद ट्रेन को जब्त किया गया है। साथ ही ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सिराज/ईएमएस 06जून26