अजमेर,(ईएमएस)। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं परीक्षा 2026 के स्टूडेंट्स को राहत देते हुए आंसर बुक के वेरिफिकेशन और सवालों के पुनर्मूल्यांकन आवेदन की अंतिम तिथि अब 6 जून के बजाय 7 जून मध्य रात्रि तक बढ़ा दी है। इससे उन छात्रों को मौका मिलेगा जो किसी कारणवश तय समय में आवेदन नहीं कर पाए थे। बोर्ड ने सभी पात्र छात्रों से अपील की है कि वे नई समय सीमा के अंदर अपने आवेदन जमा कराएं। बता दें सीबीएसई की ओर से मार्क्स वेरिफाई या टोटलिंग के लिए 500 की जगह 100 रुपए, वहीं प्रति सवाल दोबारा कॉपी जांच करवाने के लिए 100 की जगह सिर्फ 25 रुपए तय किए गए हैं। सीबीएसई ने पोस्ट-रिजल्ट सर्विस पोर्टल पर हुए सुनियोजित साइबर हमलों को लेकर दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस यूनिट में शिकायत दर्ज कराई है। बोर्ड ने साफ किया है कि साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की 24 घंटे निगरानी और त्वरित कार्रवाई के कारण सभी हमलों को रोका गया है और डेटा में कोई सेंध या अनधिकृत एक्सेस नहीं हुआ है। बोर्ड सचिव की ओर से शुक्रवार को अधिकृत वेसाबइट पर जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि हाल ही में शुरू किए गए पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर बीते तीन दिनों में बार-बार साइबर हमले हुए हैं। यह पोर्टल देशभर के लाखों विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन, अंक पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 2 जून 2026 को शुरू किया गया था। बोर्ड के मुताबिक इन हमलों में देश के अंदर और बाहर के कई आईपी एड्रेस से बड़ी मात्रा में हानिकारण ट्रैफिक भेजा है। हमलावरों का मकसद इस प्लेटफॉर्म को अस्थिर करना, असली यूजर्स को एक्सेज से रोकना है। सिराज/ईएमएस 06जून26