मीडिया प्रबंधन और अफवाह नियंत्रण पर दी गई ट्रेनिंग भोपाल(ईएमएस)। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक महापर्व सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों को सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया प्रबंधन तथा अफवाह नियंत्रण विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। ट्रैनिंग सत्र में शैलेन्द्र सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एवं प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने कहा की सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में त्वरित एवं प्रमाणिक सूचना का प्रसारण तथा भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण संदेशों पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। - किस तरह करें फेक न्यूज की पहचान ट्रैनिंग के दौरान सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, फेक न्यूज की पहचान, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिये से जन-जागरूकता, मीडिया समन्वय, संकट की स्थिति में आधिकारिक सूचना प्रसारण तथा अफवाह नियंत्रण की रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि कोई भी ऐसी सूचना जिसका सोर्स पता न हो उसका पहले सत्यापन करं इसके बाद ही उसे शेयर किया जाए तथा आवश्यकतानुसार त्वरित तथ्यात्मक खंडन जारी किया जाए। - अफवाहो पर तुरंत काबू पाना प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्थाओं के लिए सोशल मीडिया एक महत्वपूर्ण उपकरण सिद्ध होगा। पुलिस बल की सकारात्मक, संवेदनशील एवं जनसेवामुखी छवि स्थापित करने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करना प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा, जिसमें पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों, प्रभावी जनसंपर्क एवं समन्वित पुलिस प्रबंधन के विभिन्न आयामों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। जुनेद / 6 जून