बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बिल्हा और मस्तुरी थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 18 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संवरापारा निवासी बलराम संवरा अपने घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए छिपाकर रखा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक टीन पेटी से 24 पाव देशी मसाला और 48 पाव देशी प्लेन शराब सहित कुल 72 पाव शराब बरामद हुई। जब्त शराब की मात्रा 12.960 लीटर और कीमत 6,240 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। - कच्ची महुआ शराब के साथ धराया आरोपी इसी तरह मस्तुरी थाना पुलिस ने ग्राम आंकडीह में कार्रवाई करते हुए संजय कुमार लहरे को अवैध कच्ची महुआ शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। - गांव-गांव से जुटा रही जानकारी पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के थाना क्षेत्रों में बीट भ्रमण, जनसंपर्क और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बिक्री और परिवहन करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। - 06 जून 2026