- कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन बिलासपुर (ईएमएस)। शहर और ग्रामीण क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने सोमवार को अपने सहयोगियों के साथ नगर पालिका निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे (आईएएस) से मुलाकात कर विभिन्न जनहित मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर स्ट्रीट लाइट स्थापना, अशोक नगर की निर्माणाधीन सडक़ का कार्य शीघ्र पूरा कराने, जर्जर सडक़ों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और बड़ी कोनी में आंगनबाड़ी के पास पचरी व रिटेनिंग वॉल निर्माण जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। त्रिलोक श्रीवास, जो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक और जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक हैं, ने कहा कि कोनी से बिरकोना और रमतला तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से अंधेरे में डूबा रहता है। सडक़ पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं को भी अंजाम देते हैं। - स्ट्रीट लाइट से हादसों और अपराध दोनों पर लगेगी रोक त्रिलोक श्रीवास ने निगम आयुक्त को बताया कि कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगने से सडक़ दुर्घटनाओं में कमी आएगी और राहगीरों को सुरक्षा मिलेगी। साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग की। - अशोक नगर की निर्माणाधीन सडक़ को जल्द पूरा करने की मांग ज्ञापन में अशोक नगर क्षेत्र की निर्माणाधीन सडक़ का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। श्रीवास ने कहा कि सडक़ निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन से सडक़ निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा निर्माण पूर्ण होने तक विभिन्न स्थानों पर क्षतिग्रस्त और जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की। - पेयजल संकट और वार्ड 68 की समस्याएं भी उठाईं कांग्रेस नेता ने क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्याओं को भी आयुक्त के समक्ष रखा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-68 स्थित स्वामी रामकृष्ण परमहंस नगर अंतर्गत बड़ी कोनी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के पास पचरी निर्माण और रिटेनिंग वॉल बनाए जाने की मांग की गई। उनका कहना था कि बरसात के दौरान यहां रहने वाले लोगों और बच्चों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे सुरक्षा संबंधी खतरे भी बने रहते हैं। - बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कई जनहित मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन त्रिलोक श्रीवास ने केवल एक-दो समस्याओं तक ही बात सीमित नहीं रखी, बल्कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों से जुड़े दर्जनों जनकल्याणकारी और जनहित कार्यों की मांगों का विस्तृत ज्ञापन भी निगम आयुक्त को सौंपा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए इन कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। - आयुक्त ने दिया सकारात्मक आश्वासन नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने ज्ञापन में शामिल मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद जनहित के इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराने और चरणबद्ध तरीके से पूरा कराने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों पर निगम प्रशासन संवेदनशील है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। - ये रहे मौजूद निगम आयुक्त से मुलाकात के दौरान त्रिलोक श्रीवास के साथ शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पंडित महेश नारायण मिश्रा, किसान नेता पंडित जितेंद्र शर्मा जीतू, मंगल बाजपेयी, राहुल गोरख, मुकेश अग्रवाल, कन्हैया दुबे, मोहन जायसवाल और रामेश्वर केसरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। - ज्ञापन में प्रमुख मांगें कोनी-बिरकोना-रमतला मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की स्थापना, अशोक नगर की निर्माणाधीन सडक़ का कार्य शीघ्र पूरा करना, सडक़ निर्माण पूर्ण होने तक जर्जर हिस्सों की मरम्मत, विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं का समाधान, वार्ड क्रमांक-68 के स्वामी रामकृष्ण परमहंस नगर (बड़ी कोनी) में आंगनबाड़ी के पास पचरी निर्माण, रिटेनिंग वॉल का निर्माण, बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में लंबित जनहित एवं जनकल्याणकारी कार्यों का क्रियान्वयन। - 06 जून 2026