खेल
06-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस बार चयन समिति ने बड़ा फैसला लेते हुए सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया है। वहीं, तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम चयन के साथ कई चौंकाने वाले फैसले भी सामने आए हैं, जिन्होंने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान खींचा है। श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने का फैसला उनके हालिया आईपीएल प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने लगातार अपनी कप्तानी से प्रभावित किया है। तिलक वर्मा को उपकप्तानी देकर चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जबकि अक्षर पटेल को इस भूमिका से हटाया गया है। सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मिली जगह को लेकर है, जिन्होंने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 776 रन बनाकर 237 के स्ट्राइक रेट से धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। टीम से सबसे बड़ा नाम सूर्यकुमार यादव का बाहर होना रहा, जिन्हें न तो इंग्लैंड और आयरलैंड सीरीज और न ही एशियन गेम्स टीम में शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि लगातार खराब फॉर्म उनके बाहर होने की मुख्य वजह बनी। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी टीम में जगह दी गई है, जिन्होंने आईपीएल में अपनी गति और सटीक गेंदबाजी से प्रभावित किया था। वहीं, चोट से उबरकर हर्षित राणा की टी20 टीम में वापसी हुई है। दूसरी ओर, जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड और आयरलैंड सीरीज के लिए आराम दिया गया है, हालांकि वह एशियन गेम्स 2026 में खेलते नजर आएंगे। कुल मिलाकर, यह टीम युवा और अनुभव के संतुलन के साथ भविष्य की तैयारी की ओर संकेत करती है। आयरलैंड और इंग्लैंड टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका दौरे के बहु-दिवसीय मैचों के लिए भारतीय टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान एवं विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बरार, आकिब नबी, यश ठाकुर, एन. जगदीशन, अमन मोकाडे, शेख राशिद और जीशान अंसारी डेविड/ईएमएस 06 जून 2026