खेल
10-Jun-2026
...


यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा सीधा प्रसारण मुम्बई (ईएमएस)। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में शुरु होने जा रहे फीफा विश्वकप फुटबॉल मुकाबलों को लेकर भारत में भी जबरदस्त आकर्षण है और प्रशंसक इन मुकाबलों को लेकर उत्साहित हैं। अमेरिका में गुरुवार से शुरु हो रहे फीफा विश्व कप 2026 में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। करोड़ों भारतीय अपने घरों में बैठकर इस ऐतिहासिक विश्व कप का आनंद उठाना चाहेंगे। उनके लिए राहत की बात ये है कि भारत में फीफा विश्व कप 2026 का लाइव टेलीकास्ट नए लॉन्च हुए यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर उपलब्ध होगा। यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क के चार चैनल – यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 (हिंदी), यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी (हिंदी), यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 (इंग्लिश), और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 एचडी (इंग्लिश) – इन सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण करेंगे। इसके अतिरिक्त, जो फुटबॉल प्रेमी लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए मैच देखना पसंद करते हैं, वे जी5 ऐप पर फीफा विश्व कप 2026 के सभी मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे इस विश्व कप में एक नया फॉर्मेट अपनाया गया है, जिसके तहत चार-चार टीमों के कुल 12 ग्रुप बनाए जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीमें नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की करेंगी। यह बदलाव पारंपरिक राउंड ऑफ 16 से पहले एक नए राउंड ऑफ 32 का रास्ता खोलेगा, जिससे प्रतियोगिता में और भी अधिक रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। ग्रुप स्टेज के मुकाबले 28 जून को समाप्त हो जाएंगे, जिसके बाद असल चुनौती शुरू होगी। 29 जून से 4 जुलाई तक राउंड ऑफ 32 के मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद 4 से 8 जुलाई के बीच राउंड ऑफ 16 की जंग होगी। क्वार्टर फाइनल 10 से 12 जुलाई तक निर्धारित हैं, जबकि दो सेमीफाइनल मैच क्रमशः 15 और 16 जुलाई को आयोजित होंगे। तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ 19 जुलाई को मियामी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 20 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में होगा ईएमएस 10जून 2026