यशस्वी जायसवाल को मिला मौका मुंबई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण इस सीरीज से आधिकारिक रूप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह चयन समिति ने युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया है। विराट कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। हालांकि उन्होंने उस मैच में नाबाद 75 रन की मैच विजयी पारी खेली थी, लेकिन पारी के दौरान वह फिटनेस समस्या से जूझते नजर आए थे। इसके बाद से ही उनके वनडे सीरीज में खेलने पर संशय बना हुआ था। बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कोहली की रिकवरी को लेकर अभी कोई निश्चित समयसीमा नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि वे इंग्लैंड सीरीज तक फिट हो सकते हैं। कोहली की जगह शामिल किए गए यशस्वी जायसवाल ने अपना पिछला वनडे 6 दिसंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने नाबाद 116 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। अब तक खेले गए 4 वनडे मैचों में वे 171 रन बना चुके हैं। टीम में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की उपलब्धता भी उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। दोनों खिलाड़ियों को सीरीज से पहले बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। हार्दिक पांड्या पीठ की चोट से उबर रहे हैं, जबकि रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग समस्या से जूझ रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ यह वनडे सीरीज 13, 17 और 20 जून को खेली जाएगी। बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि सभी चोटिल खिलाड़ियों को लेकर अंतिम निर्णय फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा। डेविड/ईएमएस 06 जून 2026