* अगले 7 दिनों में कई जिलों में बारिश के आसार, अहमदाबाद में तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने आगामी सात दिनों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। अहमदाबाद में मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोनिक सिस्टम और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से अगले सात दिनों तक गुजरात के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज विशेष रूप से नवसारी, वलसाड, डांग, तापी, सूरत, दमन और दादरा एवं नगर हवेली सहित सौराष्ट्र के अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल मैंगलोर तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से गुजरात में 15 जून तक मानसून के औपचारिक रूप से प्रवेश करने की प्रबल संभावना बन रही है। प्रख्यात मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने आगामी दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है। उनके अनुसार उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को कड़ी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, दक्षिण गुजरात के समुद्री तटीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रह सकता है और यह 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। अंबालाल पटेल के अनुसार आने वाले दिनों में समुद्र में दो महत्वपूर्ण मौसम प्रणालियां सक्रिय हो सकती हैं। 16 जून को बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है। इसके बाद 22 जून के आसपास अरब सागर में भी एक नई मौसम प्रणाली विकसित हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये दोनों प्रणालियां भारतीय मानसून को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वर्तमान में मानसून केरल से मुंबई की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अनुकूल हवाओं और मौसमीय परिस्थितियों के कारण मानसून की प्रगति सामान्य बनी हुई है। अनुमान है कि गुजरात में 20 जून से 28 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून का औपचारिक आगमन हो सकता है। सतीश/06 जून