अंतर्राष्ट्रीय
06-Jun-2026


वाशिंगटन (ईएमएस)। फ्रांस में द्वितीय विश्व युद्ध के ऐतिहासिक डी-डे लैंडिंग की 82वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक विवादित बयान देकर नई बहस छेड़ दी। नॉर्मंडी स्थित अमेरिकी स्मारक कब्रिस्तान में संबोधन के दौरान उन्होंने यूरोप में बढ़ते अवैध प्रवास और समुद्री मार्ग से आने वाले लोगों को लेकर चिंता जताई तथा इसे एक तरह का आक्रमण बताया। पीट हेगसेथ ने कहा कि जिस तरह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यूरोप के समुद्र तटों पर सैनिक उतरे थे, आज स्पेन, इटली, ग्रीस और बुल्गारिया के तटों पर खतरनाक विचारधाराएं पहुंच रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि यूरोपीय राजधानियां इस स्थिति से निपटने के लिए कब कदम उठाएंगी। उनकी टिप्पणियों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की उस नीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें यूरोपीय देशों की आव्रजन नीतियों और सीमा सुरक्षा को लेकर लगातार आलोचना की जाती रही है। हाल के महीनों में अमेरिकी प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी यूरोप में अनियंत्रित प्रवास को लेकर चिंता व्यक्त की है। हालांकि, हेगसेथ के बयान पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। आलोचकों का कहना है कि डी-डे जैसे ऐतिहासिक और सैनिक बलिदान से जुड़े समारोह में आव्रजन का मुद्दा उठाना उचित नहीं था। वहीं समर्थकों का मानना है कि उन्होंने यूरोप के सामने मौजूद सुरक्षा और सामाजिक चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब यूरोप के कई देशों में प्रवासन, सीमा सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान का मुद्दा राजनीतिक बहस के केंद्र में बना हुआ है। सुबोध/०६-०६-२०२६