अंतर्राष्ट्रीय
06-Jun-2026


सिंगापुर (ईएमएस)। सिंगापुर सरकार ने भारत और भारतीयों को निशाना बनाकर प्रसारित की जा रही ऑनलाइन सामग्री के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। सिंगापुर के अधिकारियों ने ऐसे डिजिटल कंटेंट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिन पर भारतीय समुदाय के खिलाफ भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप हैं। इस कदम को ऑनलाइन दुष्प्रचार और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर लगाम लगाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित सामग्री को सिंगापुर के कानूनों और डिजिटल मीडिया नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में माना गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी समुदाय, नस्ल या राष्ट्रीयता को निशाना बनाने वाली सामग्री सामाजिक तनाव पैदा कर सकती है और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। सिंगापुर पहले भी राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक सद्भाव और गलत सूचनाओं से जुड़े मामलों में वेबसाइटों तथा ऑनलाइन कंटेंट को ब्लॉक करने की कार्रवाई करता रहा है। देश में इंटरनेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए कड़े नियामकीय प्रावधान मौजूद हैं, जिनके तहत आपत्तिजनक या समाज विरोधी सामग्री पर तत्काल कार्रवाई की जा सकती है। सुबोध/०६-०६-२०२६