06-Jun-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार पुलिस ने एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर खाताधारकों के बैंक खातों से अवैध निकासी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से एटीएम स्वाइप मशीन, फिंगरप्रिंट स्कैनर, मोबाइल फोन समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2025 को पटना जिले के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एटीएम मशीन में उसका कार्ड फंस जाने के बाद उसके बैंक खाते से 1 लाख 10 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों द्वारा एटीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर लोगों के कार्ड फंसाने और बाद में उनके खातों से पैसे निकालने की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास से 01 एटीएम स्वाइप मशीन, 07 एटीएम कार्ड, 01 फिंगरप्रिंट स्कैनर, 06 स्मार्टफोन (जिसमें एक आईफोन शामिल), 02 कीपैड मोबाइल, 01 पेचकस, 01 छुरी, 01 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड, 02 मोबाइल बैटरी, जमीन से संबंधित दस्तावेज, 01 चार पहिया वाहन और 01 दो पहिया वाहन बरामद किए हैं। बिहार पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है। संतोष झा- ०६ जून/२०२६/ईएमएस