- न सूर्या जैसी विस्फोटकता, न हार्दिक जैसा ऑलराउंड खेल फिर भी क्यों मिला भरोसा नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे तथा एशियन गेम्स के लिए भारतीय टी20 टीम की घोषणा कर दी है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव कप्तानी को लेकर देखने को मिला, जहां सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंप दी गई है। इस फैसले ने क्रिकेट हलकों में चर्चा तेज कर दी है, क्योंकि सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी और उनकी अगुवाई में भारत ने टी20 विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया था। टीम चयन में युवा चेहरों को भी जगह दी गई है, जिनमें वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान कप्तानी परिवर्तन ने खींचा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर श्रेयस अय्यर में ऐसा क्या देखा गया, जो उन्हें सीधे कप्तान बना दिया गया, जबकि वह लंबे समय से टी20 टीम से बाहर थे और आखिरी बार दिसंबर 2023 में भारत के लिए खेले थे। चयनकर्ताओं का मानना है कि अय्यर एक ऐसे बल्लेबाज और कप्तान हैं जो टीम को संतुलन प्रदान करते हैं। वह मिडिल ऑर्डर में स्थिरता लाते हैं और दबाव की परिस्थितियों में संयम के साथ खेलते हैं। हालांकि उनके खेल में सूर्यकुमार यादव जैसी विस्फोटक बल्लेबाजी या हार्दिक पांड्या जैसा ऑलराउंड योगदान नहीं है, फिर भी उनकी रणनीतिक समझ और नेतृत्व क्षमता उन्हें अलग बनाती है। इसके अलावा चयन प्रक्रिया में उम्र और भविष्य की योजना भी अहम कारण रही है। 31 वर्षीय श्रेयस अय्यर को लंबी अवधि के कप्तान के रूप में देखा जा रहा है, जबकि 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव अपने करियर के अंतिम चरण में माने जा रहे हैं। हालिया फॉर्म भी इस निर्णय में एक कारक रहा। आईपीएल में श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए पिछले सीजन में 604 रन बनाए थे और टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। इसके बाद हालिया सीजन में भी उन्होंने 14 मैचों में 498 रन बनाकर अपनी निरंतरता साबित की। उनकी कप्तानी क्षमता भी आईपीएल में कई बार सामने आई है, जहां उन्होंने दबाव में टीम को मजबूती से संभाला। इन्हीं सभी कारणों के चलते चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर पर भरोसा जताते हुए उन्हें टी20 टीम की जिम्मेदारी सौंपी है। अब देखना होगा कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस भरोसे पर कितना खरा उतरते हैं और टीम को किस दिशा में आगे ले जाते हैं। डेविड/ईएमएस 07 जून 2026