राज्य
07-Jun-2026


इन्दौर (ईएमएस) प्रशासनिक अमले पर हमले के एक सनसनीखेज मामले में कलेक्टर के निर्देश पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला टिगरिया बादशाह का है जहां निजी जमीन की नप्ती करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया, नकाब पहने ये बदमाश बाइक पर आए और आते ही उन्होंने महिला राजस्व निरीक्षक और उनकी टीम के साथ मारपीट करते नप्ती मशीन तोड़ दी और जाते जाते धमकी देकर गए कि भविष्य में आए तो इससे भी बुरा होगा। प्राप्त जानकारी अनुसार घटना टीसीएस चौराहा के आगे टिगरिया बादशाह गांव की है जहां मल्हारगंज तहसील की राजस्व निरीक्षक नानबाई रावल पति ध्यान सिंह रावल सर्वे नंबर 1/376 की रकबा 0.2020 जमीन का सीमांकन करने अपनी टीम के साथ शुक्रवार 1.30 बजे पहुंची थी। उस दौरान दो बदमाश जिन्होंने नकाब पहना हुआ था बाइक पर सवार हो कर आए और टीम को नप्ती करने से रोका। जब टीम अपना काम करती रही तो उन्होंने नपती मशीन गिराकर तोड़ गाली गलौज करते धमकी देते कहने लगे कि यहां से निकल जाओ, नहीं तो तुम्हें जान से मार देगें। जब टीम के राजस्व निरीक्षक ने विरोध किया तो बदमाशों ने धर्मेन्द्र शर्मा व पवन शर्मा के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। टीम द्वारा अधिकारियों को सूचना देना के बाद कलेक्टर के निर्देश पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि गत वर्ष भी इसी जगह आइडीए की टीम पहुंची थी और तब भी यहां ऐसी ही विवाद की स्थिति बन गई थी। और उस वक्त के आइडीए सीईओ रामप्रसाद अहिरवार ने तत्कालीन कलेक्टर आशीष सिंह को भी पूरी घटना की जानकारी दी थी लेकिन तब भी अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। आनंद पुरोहित/ 07 जून 2026