क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


- महापौर व आयुक्त के निर्देश पर विशेष एक्सपोजर विजिट; राजशाही जीटीएस, केसरबाग आरआरआर सेंटर और देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड का किया भ्रमण इंदौर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत नगर निगम इंदौर द्वारा एक विशेष पहल की गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार शहर के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष एक्सपोजर विजिट (अध्ययन यात्रा) का आयोजन किया गया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य शहर की स्वच्छता प्रणाली, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे आधुनिक नवाचारों से जमीनी स्तर पर रूबरू कराना था। अध्ययन दल ने शहर के प्रमुख कचरा प्रबंधन केंद्रों का दौरा कर इंदौर के सिक्स स्टार स्वच्छता मॉडल को बारीकी से समझा। दल के सदस्यों ने सबसे पहले राजशाही जीटीएस (गारबेज ट्रांसफर स्टेशन) और केसरबाग आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसायकल) सेंटर का रुख किया, जहां उन्होंने अनुपयोगी सामानों के दोबारा इस्तेमाल और रिसाइक्लिंग की पूरी प्रक्रिया देखी। इसके बाद दल देवगुराड़िया वेस्ट प्रोसेसिंग साइट (ट्रेंचिंग ग्राउंड) पहुंचा, जहां उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वैज्ञानिक तरीके से कचरा निपटान, जैविक खाद (कम्पोस्ट) निर्माण और संसाधन संरक्षण की उन्नत तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। :: जनभागीदारी ही इंदौर की असली ताकत :: भ्रमण के दौरान शामिल सभी प्रतिभागियों, पार्षदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इंदौर नगर निगम के इन प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर का यह स्वच्छता मॉडल केवल तकनीक पर नहीं, बल्कि मजबूत जनभागीदारी पर टिका हुआ है, जो पूरे देश के लिए पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी और अनुकरणीय उदाहरण है। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की विज़िट का उद्देश्य सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक और अधिक मजबूती से पहुंचाना है। - 07 जून 2026