राज्य
07-Jun-2026


- भतीजी की दोस्त बनकर जालसाज महिला ने ऐंठे 1 लाख रुपये, केस दर्ज बेंगलुरु (ईएमएस)। साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और बेहद शातिर तरीका अपनाते हुए एक व्यक्ति को उसकी भतीजी की कॉलेज फीस जमा कराने के नाम पर एक लाख रुपये का चूना लगा दिया। ठगों ने खुद को पीड़ित की भतीजी की करीबी सहेली बताकर पहले पूरे परिवार का भरोसा जीता और फिर जल्दबाजी का फायदा उठाकर पैसे ट्रांसफर करा लिए। शिकायतकर्ता नवीन (बदला हुआ नाम) के अनुसार, उनकी साली की बेटी विदेश में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। छात्रा ने हाल ही में अपने परिवार को सूचित किया था कि उसकी परीक्षाएं बेहद नजदीक हैं और अगर समय पर कॉलेज की फीस जमा नहीं हुई, तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। इसी दौरान खुद को छात्रा की सहेली बताने वाली दीपिका नाम की एक महिला ने पीड़ित परिवार से संपर्क किया। उसने परिवार को झांसा देते हुए दावा किया कि यदि फीस की रकम उसके किसी परिचित के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाए, तो वह पूरी राशि बिना किसी विदेशी मुद्रा (फॉरेन एक्सचेंज) कटौती के सीधे छात्रा तक सुरक्षित पहुंचा देगी। विदेश में पढ़ाई कर रही बच्ची का साल बर्बाद न हो, इस जल्दबाजी और चिंता में नवीन ने महिला की बातों पर भरोसा कर लिया। उन्होंने बीते 9 मई को गूगल पे के माध्यम से बताए गए खाते में दो बार में क्रमशः 98 हजार और 2 हजार रुपये (कुल 1 लाख रुपये) ट्रांसफर कर दिए। पैसे खाते में क्रेडिट होते ही कथित दीपिका ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और अचानक संपर्क से बाहर हो गई। परिवार ने जब उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की और कोई जवाब नहीं मिला, तब उन्हें अपने साथ हुई इस बड़ी धोखाधड़ी का एहसास हुआ। परिवार का एक सदस्य अस्पताल में भर्ती होने के कारण नवीन पुलिस के पास तुरंत नहीं पहुंच सके, लेकिन स्थिति सामान्य होते ही उन्होंने सीके अचुकट्टू पुलिस थाने में इस ठगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (धोखाधड़ी) व 319 (फर्जी पहचान बनाकर धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और बैंक खाते व मोबाइल नंबर के आधार पर साइबर अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। रामयश/ईएमएस 07 जून 2026