07-Jun-2026
...


- 15 दिनों में 87 हथियार जब्त, फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ - प्रदेशभर में पुलिस की चौतरफा कार्रवाई : खरगोन में 55 हजारी इनामी सहित 10 गिरफ्तार, भोपाल में तलवार-छुरों का जखीरा बरामद भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार चौतरफा कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विगत 15 दिनों में विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों ने अवैध हथियार निर्माण, तस्करी, बिक्री एवं उपयोग में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। पुलिस ने इस अभियान के तहत प्रदेशभर से कुल 87 अवैध हथियार, 23 धारदार हथियार, भारी मात्रा में कारतूस एवं हथियार निर्माण उपकरण जब्त किए हैं। - खरगोन में फैक्ट्रियों पर दबिश, 55 हजार का इनामी दबोचा अवैध हथियारों के खिलाफ सबसे बड़ी सफलता खरगोन पुलिस को मिली है, जहां तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 35 अवैध फायर आर्म्स (29 देशी पिस्टल एवं 6 देशी कट्टे) जब्त किए गए। थाना भीकनगांव और बमनाला चौकी पुलिस ने पंजाब, पश्चिम बंगाल और म.प्र. के खरीदारों व बिचौलियों के नेटवर्क को ध्वस्त कर 3 आरोपियों से 12 पिस्टल और 1 कट्टा बरामद किया। वहीं, गोगावां व सनावद पुलिस ने ग्राम सिगनूर के जंगल में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री पर दबिश देकर 5 सिकलीगरों को गिरफ्तार किया। एक अन्य संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 55 हजार रुपये के इनामी तस्कर और उसके साथी को घेराबंदी कर दबोचा, जिनकी निशानदेही पर जंगल से 8 पिस्टल और 3 कट्टे बरामद किए गए। - चंबल-मालवा में धरपकड़, भोपाल में धारदार हथियारों का जखीरा मुरैना जिले के विभिन्न थानों ने फायरिंग, हत्या के प्रयास और चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस जब्त किए। धार के मनावर क्षेत्र में पुलिस ने यूपी के एक गैंगस्टर और सिकलीगर को गिरफ्तार कर 4 देशी पिस्टल बरामद कीं। वहीं दतिया के उनाव पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश कर कुल 7 कट्टे, 1 पिस्टल और अधबने हथियार जब्त किए। गुना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 5 बदमाशों सहित यूपी के एक तस्कर को दबोचा, जबकि नीमच पुलिस ने भी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। राजधानी भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से 15 तलवारें और 8 छुरे बरामद किए। - सोशल मीडिया पर हथियार चमकाने वाले भी गए जेल ग्वालियर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और स्टेटस डालने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर देशी कट्टा जब्त किया। इसके अलावा शिवपुरी में 2 कट्टे और 7 कारतूस, टीकमगढ़ व अलीराजपुर में 12 बोर के कट्टे, छतरपुर में 1 कट्टा व 1 अवैध बंदूक, बुरहानपुर और उज्जैन में 2-2 देशी पिस्टल तथा इंदौर में 1 पिस्टल जब्त की गई। मध्यप्रदेश पुलिस के आला अधिकारियों के अनुसार, अवैध हथियार रखने, इनका निर्माण करने और आपराधिक गतिविधियों में इनका उपयोग करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। - 07 जून 2026