अंतर्राष्ट्रीय
07-Jun-2026
...


-सुप्रीम लीडर के लिए है विशेष संदेश, क्षेत्रीय हालात और ईरान-अमेरिका वार्ता पर चर्चा की संभावना तेहरान,(ईएमएस)। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी एक बार फिर ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व की ओर से ईरान के सर्वोच्च नेता के लिए एक विशेष पत्र और संदेश लेकर आए हैं। उनके इस दौरे को क्षेत्रीय कूटनीति और पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मोहसिन नक़वी ने मीडिया को बताया कि वह पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की ओर से एक विशेष संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह संदेश वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति और दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े विषयों पर आधारित है। नक़वी ने स्पष्ट किया कि वह यह पत्र और संदेश ईरान के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचाने के उद्देश्य से तेहरान आए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताहों में यह मोहसिन नक़वी का तीसरा ईरान दौरा है। इससे पहले भी उन्होंने मई महीने में एक सप्ताह के भीतर दो बार ईरान की यात्रा की थी। उन दौरों के दौरान उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति, संसद अध्यक्ष, विदेश मंत्री और गृह मंत्री सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। इससे दोनों देशों के बीच बढ़ते राजनयिक संपर्कों का संकेत मिलता है। ईरानी समकक्ष से की मुलाकात शनिवार रात तेहरान पहुंचने के बाद नक़वी ने अपने ईरानी समकक्ष इस्कंदर मोमेनी से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों, सीमा सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई होगी। हालांकि बैठक के विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। विश्लेषकों का मानना है कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी वार्ताओं के दौरान पाकिस्तान एक मध्यस्थ या संपर्क सूत्र की भूमिका निभाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में नक़वी की लगातार यात्राएं इस कूटनीतिक सक्रियता का हिस्सा मानी जा रही हैं। रुडोल्फ पहुंचे हैं पाकिस्तान इसी बीच लेबनान की सेना के कमांडर रुडोल्फ़ हेकल भी पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे हैं। लेबनानी सेना के अनुसार यह यात्रा फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के निमंत्रण पर हो रही है। हालांकि दोनों देशों के बीच होने वाली चर्चाओं के एजेंडे का अभी खुलासा नहीं किया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर बढ़ती सैन्य और कूटनीतिक गतिविधियों के बीच इन दौरों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर बनी हुई है। हिदायत/ईएमएस 07जून26