- फंदे से लटका मिला शव - ससुराल पक्ष के पहुंचने पर गांव में हुआ विवाद गुमला (ईएमएस)। झारखंड के गुमला सदर प्रखंड के लूटो गांव में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय युवक मुर्शिद अंसारी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान स्थानीय पारा शिक्षक रोशन अंसारी के बेटे के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, रात को मुर्शिद रोज की तरह अपने कमरे में सोने गया था और उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया और बार-बार आवाज देने के बाद भी कमरे से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिवारवालों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए; मुर्शिद का शव पंखे से लटका हुआ था। बताया जा रहा है कि मुर्शिद की शादी महज 15 दिन पहले ही नकजुवा क्षेत्र में हुई थी। शादी के बाद से घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस खौफनाक कदम ने सब कुछ बदल कर रख दिया। मृतक के पिता रोशन अंसारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मुर्शिद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी और वह काफी तनाव में था, हालांकि उसकी परेशानी की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। मुर्शिद पनसो गांव में सैलून चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। घटना की जानकारी मिलते ही टोटो थाना के एसआई कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की तफ्तीश में जुट गई है। इसी बीच, देर रात करीब 11 बजे जब मृतक के ससुराल वाले लूटो गांव पहुंचे, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद और कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद गांव के प्रबुद्ध नागरिकों ने सूझबूझ दिखाते हुए बीच-बचाव किया और मामले को शांत कराया। - ईएमएस 07 जून 2026