क्षेत्रीय
07-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की मुख्य परीक्षा शनिवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। सभी केंद्रों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। इस पाली में पंजीकृत 1948 अभ्यर्थियों में से 1853 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 95 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर में आयोजित की गई, जिसमें 1948 अभ्यर्थियों में से 1844 ने परीक्षा दी और 104 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रही। केंद्रों में निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक और सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे। अफसरों ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की शिकायत सामने नहीं आई। सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाहर निकले। पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही और किसी भी केंद्र में नकल प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। - 07 जून 2026