ग्वालियर ( ईएमएस ) ! वृक्ष हमें देते हैं सब कुछ हम भी तो कुछ देना सीखें...! लगातार बढ़ते तापमान और ग्लोबल वार्मिंग के चलते पृथ्वी पर पर्यावरण असंतुलन की परिस्थिति बनती जा रही है । अब समय आ गया है कि हममें से प्रत्येक को अपने नागरिक उत्तरदायित्व का बोध करना पड़ेगा । पेड़ लगाना फैशन नहीं है पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं । युवा इस अभियान को एक सार्थक पहल में बदल सकने की क्षमता रखते हैं । यदि हममें से प्रत्येक अपने जन्मदिन और अपने बुजुर्गों की स्मृतियों को संजोए रखने के लिए एक वृक्ष का संकल्प लें और उनका संरक्षण भी करें तो यह मानवता पर बहुत बड़ा उपकार हो सकता है । यह बात पर्यावरण पखवाड़े के अंतर्गत माधव महाविद्यालय द्वारा तपोवन स्थित वनभूमि में *ट्रेकिंग और वृक्षों से संवाद* कार्यक्रम में हजारों वृक्षों को संरक्षित करने वाले वृक्षमित्र दिनेश मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कही । कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शिवकुमार शर्मा ने की । माधव महाविद्यालय के एनएसएस और एनसीसी के विद्यार्थियों के साथ साथ शिक्षकों ने भी ट्रेकिंग व वृक्षों से संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की । केंसर हॉस्पिटल के आगे पहाड़ी पर स्थित चित्रकूट धाम हनुमान मंदिर से विद्यार्थियों ने वृक्ष गंगा रैली के रूप में तपोवन में नेचर वॉक के साथ ट्रेकिंग की । तपोवन नर्सरी पर यह रैली सभा में बदल गई जहाँ वृक्षों से संवाद के अंतर्गत कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीलेन्द्र सिंह तोमर , एनएसएस जिलासंगठक डॉ. मनोज अवस्थी , एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय कुमार पाण्डेय , एनसीसी अधिकारी मुलायम सिंह जादौन व डॉ. कौशलेन्द्र अवस्थी ने संबोधित किया । डॉ. नीलेन्द्र सिंह तोमर ने चंदन है इस देश की माटी...! समूह गीत प्रस्तुत किया । तत्पश्चात प्राचार्य डॉ. शिवकुमार शर्मा द्वारा बैंक सेवा से सेवानिवृत्त वरिष्ठ पर्यावरण संरक्षक दिनेश मिश्रा को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर वृक्षमित्र सम्मान से सम्मानित किया । अपने अध्यक्षीय उदबोधन में प्राचार्य डॉ. शिवकुमार शर्मा ने युवाओं से अपने नागरिक उत्तरदायित्वों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गंभीरता रखने की बात कही । उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रकृति का हो, घर का हो, कॉलेज का हो या कार्यक्षेत्र का हो सभी में संतुलन होना बहुत जरूरी है । कार्यक्रम का संचालन व मार्गदर्शन संयोजक डॉ. नीलेन्द्र सिंह तोमर ने किया । आभार प्रदर्शन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने किया । इस अवसर पर डॉ. मनोज अवस्थी, डॉ. संतोष शर्मा, डॉ. कौशलेन्द्र अवस्थी, डॉ. विजय पाण्डेय, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. सरिता दीक्षित, डॉ. प्रशांत साहू, डॉ. योजना तिवारी, डॉ. दीपक शिन्दे, डॉ. प्रेम सिंह, श्रीमती ज्योति जैन गोधा, डॉ. दीप्ति नारंग, मुलायम सिंह जादौन आदि उपस्थित रहे ।