ट्रेंडिंग
08-Jun-2026
...


-सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को सोशल मीडिया पर किया साझा नई दिल्ली,(ईएमएस)। नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल पूरे होने पर अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और नीतियों को लेकर एक्स पर पोस्ट की। उन्होंने पोस्ट में कहा कि इन 12 सालों में भारत में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। इन सभी के केंद्र में गरीब और वंचित वर्ग का कल्याण रहा है। पीएम मोदी ने लिखा हम हमेशा अंत्योदय से प्रेरित रहे हैं और हमारी कोशिश यही रही है कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे जो दशकों से पीछे छूट गए थे। उन्होंने कहा कि जनधन खातों और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर से लेकर स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना, जलजीवन मिशन, आयुष्मान भारत और अन्य योजनाओं तक हर पहल का मकसद बस यही रहा है कि लोगों को सम्मान और अवसर मिलें। पीएम ने आगे लिखा कि यह भी खुशी की बात है कि गरीबों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में टेक्नोलॉजी ने अहम भूमिका निभाई है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों तक मदद सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच रही है। इससे कार्यक्षमता बढ़ी है और शासन-व्यवस्था में भरोसा मजबूत हुआ है। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक्स पर कहा कि गरीब कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ने 12 साल गरीब कल्याण में अन्न योजना, पीएम आवास, जनधन, मुद्रा लोन, पीएम स्वनिधि जैसी कल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों नागरिकों को बैंकिंग सुविधा, वित्तीय सुरक्षा और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा है। शाह ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर जीवन स्तर के जरिए देश के गरीबों को आर्थिक मुख्यधारा से जोड़कर ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव का निर्माण किया जा रहा है। सिराज/ईएमएस 08जून26