अंतर्राष्ट्रीय
08-Jun-2026


न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी स्थित पेन स्टेशन पर चाकूबाजी की घटना में 5 लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमले के बाद संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में इसे रैंडम हिंसक हमला माना जा रहा है। न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना स्थानीय समयानुसार रविवार शाम हुई। हमले के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और बाद में संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को न्यूयॉर्क दौरे पर आने वाले थे। ट्रम्प मैडिसन स्क्वायर गार्डन में न्यूयॉर्क निक्स और सैन एंटोनियो स्पर्स के बीच होने वाला एनबीए फाइनल मुकाबला देखने पहुंचेंगे। पेन स्टेशन सीधे मैडिसन स्क्वायर गार्डन के नीचे स्थित है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। ट्रम्प की यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। इनमें नो-बैग पॉलिसी और एरिना के बाहर प्रस्तावित वॉच पार्टी रद्द करना शामिल है। सिराज/ईएमएस 08जून26