अंतर्राष्ट्रीय
08-Jun-2026


टोक्यो,(ईएमएस)। जापान के उत्सुनोमिया शहर में पहली बार भालू दिखने के बाद प्रशासन ने सोमवार को स्कूलों में कक्षाएं निलंबित कर दीं। भालू शनिवार शाम रिहायशी इलाके में देखा गया था और अब तक पकड़ा नहीं गया है। करीब पांच लाख आबादी वाले इस शहर में भालू पहली बार नजर आया। अधिकारियों के मुताबिक उसे एक पार्क के पास स्थित आवासीय क्षेत्र में देखा गया था। सोमवार सुबह भी भालू दिखने की सूचना मिली थी। आखिरी बार वह एक मिडिल स्कूल से करीब आधा किलोमीटर दूर दिखाई दिया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अपने अधीन संचालित सभी 94 स्कूलों में पढ़ाई स्थगित कर दी। प्रशासन और वन्यजीव विभाग की टीमें भालू की तलाश में जुटी हुई हैं। जापान में हाल के वर्षों में भालुओं के हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले सप्ताह फुकुशिमा शहर में भालू के हमले में कम से कम चार लोग घायल हो गए थे। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था, जिसमें एक काला भालू फैक्ट्री परिसर में कर्मचारी पर हमला करता दिखाई दिया। जापान सरकार ने बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इस साल विशेष टास्क फोर्स का गठन भी किया है। एशियाई काला भालू वैश्विक स्तर पर संवेदनशील प्रजाति की सूची में शामिल है, लेकिन जापान में 2012 के बाद इसकी संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। सिराज/ईएमएस 08जून26