पटना,(ईएमएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में आंध्र प्रदेश के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। आंध्र प्रदेश से बोधगया में दर्शन के बाद वाराणसी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पर्यटक बस राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर औरंगाबाद के भभानी होटल के पास एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस के अनुसार, बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के संगमा गांव निवासी 50 वर्षीय हजरतय्या, 43 वर्षीय पद्मावती और 64 वर्षीय पशुलेटी वेंकटेश के रूप में हुई है। औरंगाबाद सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें सुभानम्मा, नरेंद्र रेड्डी और प्रसाद शामिल हैं। लगभग 7 से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस के आने से पहले ही बचाव कार्य शुरू कर दिया। औरंगाबाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने स्थानीय स्वयंसेवकों और जिला परिषद सदस्य अनिल यादव की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे के कारण एनएच-19 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में मलबा हटाकर सामान्य कर दिया गया। औरंगाबाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि बस और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आशीष दुबे / 08 जून 2026