राष्ट्रीय
13-Jun-2026


दुबई से अहमदाबाद आया था विमान, अधिकारियों को मिली थी गुप्त सूचना अहमदाबाद,(ईएमएस)। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर के एक विमान से चार किलो सोना बरामद किया गया है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) के अधिकारियों ने विमान पर छापा मारा और विमान के टॉयलेट से यह सोना बरामद किया। इंडिगो का यह विमान गुरुवार को दुबई से अहमदाबाद पहुंचा था। सोना कौन लाया, इसकी जांच की जा रही है। गुप्त सूचना पर अधिकारियों ने विमान की जांच की। जांच में टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के अंदर दो थैलियां मिलीं। इन थैलियों में 24 सोने के बिस्किट्स रखे थे। इन 999 कैरेट के बिस्कुटों की बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट में एयरपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि अधिकारियों को विमान से सोना तस्करी की खुफिया जानकारी मिली थी। गुरुवार को जैसे ही इंडिगो की फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंची तो उसकी जांच की गई। टॉयलेट से पहले भी सोने की स्मगलिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसलिए एक टीम ने टॉयलेट की बारीकी से जांच की। टॉयलेट का स्पीकर बॉक्स निकाला गया तो उसका वजन काफी ज्यादा लगा। जब बॉक्स खोला तो उसके अंदर ब्लैक कलर के टेप में लिपटे दो पाउच मिले। पाउच में 999.0 शुद्धता (24 कैरेट) के 24 सोने के बिस्कुट मिले। इनका कुल वजन 2,799.3 ग्राम था। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है कि यह सोने के बिस्किट कौन लाया। सिराज/ईएमएस 13जून26