बालाघाट (ईएमएस). ग्रामीण थाना नवेगांव पुलिस ने शराब के अवैध परिवहन मामले में बड़ी कार्यवाही की है। 72 लीटर देशी शराब का अवैध परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू उर्फ मेहतराम लिल्हारे 32 वर्ष ग्राम गोंगलई और अखिलेश बसेने 27 वर्ष ग्राम कोसमी निवासी शामिल है। आरोपियों के पास से शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया है। पुलिस ने धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम गायखुरी से गोंगलई होते हुए कोसमी की ओर शराब का परिवहन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नवेगांव रेलवे अंडर ब्रिज के पास संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वाहन में सवार दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। जिन्हें घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। दोनों युवकों से पूछताछ करने और वाहन की तलाशी लेने पर 400 क्वार्टर देशी शराब पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है। भानेश साकुरे / 08 जून 2026