बालाघाट (ईएमएस). कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर मृणाल मीना ने विभिन्न विभागों के समय-सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक खनिज को जिले की बंद पड़ी खदानों के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वर्षा ऋतु में उनमें एकत्रित पानी के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों और झरनों के दुर्घटना संभावित स्थलों पर भी इसी प्रकार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। वहीं एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री को झूलते हुए बिजली के तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए गए। किसानों को उपलब्ध कराएं डीजल, पेट्रोल कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक को जिले के जर्जर स्कूल भवनों और क्षतिग्रस्त छतों के सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान स्कूलों में छत से पानी टपकने जैसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी को किसानों को डीजल और पेट्रोल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। रेन वाटर हार्वेस्टिंग की हुई समीक्षा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अधिक से अधिक भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासकीय भवनों में भी यह व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। ई-ऑफिस कार्यों पर विशेष फोकस बैठक के अंत में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व अधिकारियों को समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों के रकबे का सत्यापन शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से अधिकतम कार्य करने तथा फाइलों का आदान-प्रदान डिजिटल माध्यम से ही करने के निर्देश दिए गए। भानेश साकुरे / 08 जून 2026